मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के हनुमान चौक पर बदहवास हालत में मिले करीब 34 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करने के साथ उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार मिश्रा के अनुसार, हनुमान चौक पर एक व्यक्ति के बदहवास हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी। इस पर SI शशि कपूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की उम्र करीब 34 वर्ष, कद लगभग पांच फुट तीन इंच, रंग गेहुआं और शरीर पतला बताया गया है। उसने हल्के पीले रंग का स्वेटर, अंदर लाल रंग की टी-शर्ट, खाकी रंग की जैकेट और काली पैंट पहन रखी थी। उसके पेट पर पुराने जलने के निशान भी हैं। पुलिस ने इन शारीरिक विशेषताओं और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान कराने की कोशिश शुरू की है। हालांकि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हुई है।
पुलिस मृतक की फोटो और हुलिया विभिन्न थानों, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर भेजकर जानकारी जुटा रही है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी की जा रही है। फिलहाल उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
कोतवाली नगर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में जानकारी हो या उसके परिजन उसे तलाश रहे हों तो पुलिस को सूचना दें। इसके लिए उपनिरीक्षक शशि कपूर के मोबाइल नंबर 8650368303 और प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर 9454404073 जारी किए गए हैं।

