हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी हीरालाल के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने वहां पहले से छिपाकर रखे गए अवैध देसी तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
एक नवंबर को मिला था मासूम का शव
जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को मुस्करा थाना क्षेत्र के एक कस्बे में तीन साल की बच्ची का शव बरामद हुआ था। मासूम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी हीरालाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की जानकारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद बच्ची की हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी थी।
साक्ष्य जुटाने के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि एक नवंबर को मुस्करा थाना क्षेत्र के कस्बे में तीन साल की बच्ची का शव मिला था। बच्ची के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं, जिन्होंने आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार किया।
एएसपी के मुताबिक, पूछताछ के बाद आरोपी को साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया। इसी दौरान उसने वहां छिपाकर रखे गए अवैध देसी तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया।
फिलहाल घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

