Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » इमरान मसूद के बयान पर हरेंद्र मलिक का पलटवार, बोले- INDIA गठबंधन को कमजोर करने वाली राजनीति ठीक नहीं

इमरान मसूद के बयान पर हरेंद्र मलिक का पलटवार, बोले- INDIA गठबंधन को कमजोर करने वाली राजनीति ठीक नहीं

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद इमरान मसूद के हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिनसे INDIA गठबंधन की एकता प्रभावित हो।
हरेंद्र मलिक ने कहा कि इमरान मसूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उनका बयान कांग्रेस की नीतियों के अनुरूप नहीं लगता। उन्होंने कहा कि यदि किसी नेता को गठबंधन की उपयोगिता पर संदेह है तो उसे सार्वजनिक मंचों पर बयान देने के बजाय पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी बात रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में वह और इमरान मसूद दोनों चुनाव हार गए थे, जबकि बाद में हुए चुनाव में दोनों संसद पहुंचे। मलिक ने कहा कि यह समय विपक्षी दलों के बीच मतभेद उभारने का नहीं, बल्कि भाजपा और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ने का है।
सपा सांसद ने आरोप लगाया कि इमरान मसूद अक्सर समाजवादी पार्टी पर ही निशाना साधते हैं, जबकि भाजपा के खिलाफ अपेक्षित मुखरता दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान विपक्षी गठबंधन के भीतर अनावश्यक दूरी पैदा कर सकते हैं।

हरेंद्र मलिक ने कहा कि यदि कांग्रेस नेतृत्व को INDIA गठबंधन पर पुनर्विचार करना है तो यह निर्णय राष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय पर फैसला वही कर सकते हैं। उन्होंने इमरान मसूद से आग्रह किया कि वे विपक्षी एकता को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का कार्य करें।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में बच्चा चुराने की कोशिश! मेरठ की संदिग्ध महिला पकड़ी, घंटों करती रही पागल होने का नाटक

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें