लखनऊ। राजधानी में मौसम के बदलते मिजाज के बीच शनिवार सुबह से आसमान में धुंध छाई रही। इसके साथ ही शहर की वायु गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में पहुंच गई। शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 250 दर्ज किया गया। हवा में पीएम 2.5 का स्तर सबसे अधिक रहा। अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों में अलीगंज सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा, जहां एक्यूआई 314 तक पहुंच गया। इस स्तर के साथ अलीगंज रेड जोन में रहा।
धुंध और प्रदूषण का असर दृश्यता पर भी दिखाई दिया। शहर के कई इलाकों में दूर स्थित इमारतें धुंध के कारण साफ नजर नहीं आईं। इकाना स्टेडियम और प्लासियो मॉल तक स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। आसमान में छाई धुंध के चलते शहर की दृश्यता प्रभावित रही और लोगों को दूर की वस्तुएं देखने में परेशानी हुई।
अलीगंज में सबसे खराब स्थिति, कई इलाके ऑरेंज जोन में
शहर के विभिन्न वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया। अलीगंज में एक्यूआई 314 रहा, जो रेड जोन की श्रेणी में आता है। तालकटोरा में 295 और लालबाग में 244 एक्यूआई दर्ज किया गया। गोमतीनगर में एक्यूआई 221 और कुकरैल में 225 रहा। इन क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक स्थिति में बना रहा। वहीं अंबेडकर यूनिवर्सिटी क्षेत्र में एक्यूआई 175 दर्ज किया गया।
शुक्रवार शाम पांच बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार लखनऊ का औसत एक्यूआई 218 था। शनिवार सुबह तक इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई और औसत स्तर 250 तक पहुंच गया।
रहीमाबाद और मलिहाबाद में घना कोहरा, 50 मीटर रही दृश्यता
शहर के बाहरी और ग्रामीण इलाकों में धुंध के साथ घने कोहरे का असर देखने को मिला। रहीमाबाद और मलिहाबाद में सुबह से कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई। सड़कों पर आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह धुंध रहने के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 49 प्रतिशत रही।
14 और 15 नवंबर को हल्की बारिश के आसार
राजधानी में गुलाबी ठंड के बाद अब सर्दी का असर तेजी से बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 नवंबर के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 16 नवंबर से लखनऊ के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। तापमान में कमी के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास पहुंच सकता है और सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, वर्तमान में कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। हालांकि इसका उत्तर प्रदेश के मौसम पर सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके असर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इन्हीं हवाओं के चलते 16 नवंबर से पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से नीचे गिरने की संभावना है। इससे सुबह और शाम की ठंड में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
प्रदूषण और बदलते मौसम से बढ़ सकती है परेशानी
राजधानी में एक ओर धुंध और प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। हवा में मौजूद पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में खराब वायु गुणवत्ता के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे और कम दृश्यता के दौरान वाहन चालकों को भी धीमी गति से चलने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है।

