Home » उत्तर प्रदेश » मेरठ में पागल कुत्ते का आतंक, ढाई साल के मासूम पर जानलेवा हमला; अस्पताल में भर्ती

मेरठ में पागल कुत्ते का आतंक, ढाई साल के मासूम पर जानलेवा हमला; अस्पताल में भर्ती

Facebook
Twitter
WhatsApp

मेरठ। मेरठ में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को मेडिकल थाना क्षेत्र के गढ़ रोड पर एक संदिग्ध पागल आवारा कुत्ते ने ढाई साल के मासूम बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, ढाई वर्षीय मासूम अपने पिता के साथ एक क्लीनिक पर अल्ट्रासाउंड कराने गया था। इसी दौरान वहां घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने अचानक बच्चे पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते कुत्ते ने मासूम को बुरी तरह नोच दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पिता और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

स्थानीय लोगों का आरोप- पहले भी कई लोगों को काट चुका है कुत्ता

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है और इलाके में लंबे समय से दहशत का कारण बना हुआ है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से उसे पकड़ने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से इस हिंसक कुत्ते की शिकायत की थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण आज एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में सनसनी: महिला से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, दबंगों ने दलित परिवार को पीटा, दी जातिसूचक गालियां,मामला दर्ज

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम से तत्काल अभियान चलाकर आवारा और हिंसक कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

फिलहाल घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से पूरे इलाके में आवारा कुत्तों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें