Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » रात में मोनिका सिंह के अनशन स्थल पर पहुंचे सपा सांसद : तीन दिन से चल रही है भूख हड़ताल, बोले, ‘प्रशासन चाहता तो मामला पहले दिन ही सुलझ जाता’

रात में मोनिका सिंह के अनशन स्थल पर पहुंचे सपा सांसद : तीन दिन से चल रही है भूख हड़ताल, बोले, ‘प्रशासन चाहता तो मामला पहले दिन ही सुलझ जाता’

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। महावीर चौक पर समाजवादी पार्टी के धरने के दौरान हुए विवाद के बाद दर्ज मुकदमों को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक टकराव अब और तेज होता नजर आ रहा है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठीं सपा नेत्री डॉ. मोनिका सिंह रविवार को तीसरे दिन भी धरना स्थल से नहीं उठीं। देर रात करीब 10 बजे समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पहुंचे और उनका हालचाल जाना।

इस दौरान सांसद हरेंद्र मलिक ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला प्रशासन चाहता तो पहले ही दिन सुलझ सकता था, लेकिन लापरवाही के कारण अब यह बड़ा मुद्दा बन गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. मोनिका सिंह पिछले तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठी हैं, लेकिन अब तक कोई चिकित्सकीय टीम उनका हाल जानने नहीं पहुंची। उन्होंने दावा किया कि उनका ब्लड प्रेशर भी कम हो गया है। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि एक दिन पहले सिविल लाइन थाने के दो पुलिसकर्मी धरना स्थल पर पहुंचकर उन्हें धमकाकर गए थे।

सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने भी पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कथित एकतरफा कार्रवाई के विरोध में ही डॉ. मोनिका सिंह भूख हड़ताल पर बैठी हैं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी धरना स्थल पहुंचे हैं।

वहीं, सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान ने बताया कि शनिवार को पुलिस अधिकारियों से बातचीत हुई थी। उनके अनुसार थाना सिविल लाइन प्रभारी ने कहा था कि उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। युधिष्ठिर का कहना है कि जिस व्यक्ति की वजह से पूरा विवाद शुरू हुआ, उसके खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है तो दूसरे पक्ष के खिलाफ भी निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: पूर्व विधायक शाहनवाज का बेटा अब्दुल आहद गिरफ्तार, पिता को 'कनेक्ट' रखने की कोशिश में फंसा, पढ़िए पूरा मामला

उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. मोनिका सिंह की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने एलआईयू के एक अधिकारी से डॉक्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था, लेकिन जवाब मिला कि अधिकांश चिकित्सक कांवड़ ड्यूटी में व्यस्त हैं और उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया जाए। सपा नेताओं का कहना है कि उनकी मुख्य मांग दूसरे पक्ष के आरोपी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई किए जाने की है। जब तक निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

इस दौरान सांसद हरेंद्र मलिक के साथ वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष जिया चौधरी, नगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, पूर्व जिला अध्यक्ष ईलम सिंह गुर्जर, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पवार, पवन बंसल, शमशेर मलिक, सलीम मलिक और रामपाल सिंह पाल आदि मौजूद रहे।

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें