मुज़फ़्फ़रनगर। शहर में रविवार शाम खेल और फिटनेस का शानदार माहौल देखने को मिला, जब क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से आए 100 से अधिक पावर एथलीटों ने भाग लेकर अपनी ताकत, तकनीक और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का आयोजन दीपक धीमान और गौरव सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच विभिन्न भार वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने बेंच प्रेस, स्क्वाट और डेडलिफ्ट जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की भी अच्छी खासी भीड़ मौजूद रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगरपालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता प्रभात वर्मा ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों में सफलता पाने के लिए निरंतर अभ्यास, धैर्य और समर्पण सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पावरलिफ्टिंग खेल को प्रोत्साहित करना और उभरती प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना था।
खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



