मुज़फ़्फ़रनगर। जिला अस्पताल के आईसीयू में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मौत की वजह बन गया। सोमवार अल सुबह करीब 3 बजे आईसीयू के भीतर एक मरीज एवं दूसरे मरीज के तीमारदार के बीच हुई मारपीट में घायल हुए मरीज की सोमवार सुबह करीब 8 बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पूरे मामले की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अस्पताल में मौजूद साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के बिलासपुर निवासी रमेशपाल पुत्र ओमप्रकाश (45 वर्ष) लीवर की गंभीर बीमारी के चलते जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। वहीं गोशाला रोड निवासी संजय पुत्र मंगराम (48 वर्ष) की मां कमला देवी भी सांस संबंधी बीमारी के कारण उसी आईसीयू में भर्ती थीं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि संजय ने रमेशपाल के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान रमेशपाल के नाक पर गंभीर चोट लगी। अस्पताल स्टाफ ने बीच-बचाव कर घायल मरीज को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।
कुछ घंटे जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार सुबह लगभग 8:30 बजे रमेशपाल ने दम तोड़ दिया। मरीज की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकीय स्टाफ, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो मुकदमे में आवश्यक धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।



