मुजफ्फरनगर। दीवाली से पहले मिठाई और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ मुज़फ़्फ़रनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने शहर में कार्रवाई करते हुए खोया और रस माधुरी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार में बिक्री के लिए भंडारित करीब 220 किलो रस माधुरी में कीड़े पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। विभाग ने भंडारण में लापरवाही को कार्रवाई का आधार बताया है।
लखनऊ आयुक्त के निर्देश और मुजफ़्फ़रनगर DM के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अर्चना धीरान एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अभियान चलाया। टीम ने कस्बा कूकड़ा स्थित गोपाल जी स्वीट्स से खोया का एक नमूना गुणवत्ता जांच के लिए लिया। इसके बाद जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार पहुंचकर खाद्य कारोबारकर्ता जगदीश से रस माधुरी का नमूना संग्रहित किया गया।
नेहा मिष्ठान भंडार में बिक्री के लिए रखी करीब 220 किलो रस माधुरी में कीड़े पाए जाने की बात सामने आई। विभाग के अनुसार, भंडारण में लापरवाही के चलते खाद्य पदार्थ में कीड़े मिले थे। इसके बाद टीम ने मौके पर ही पूरी मात्रा को नष्ट कराया। दीवाली के मद्देनजर मिठाइयों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण को लेकर विभाग की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
वहीं, इससे पूर्व सोमवार को सोशल मीडिया पर चॉकलेट में। कीड़े मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आदर्श कॉलोनी स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के प्रतिष्ठान से कैडबरी बॉर्नविले ब्रांड की चॉकलेट का एक नमूना जांच के लिए लिया था। विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों से संग्रहित नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला भेज दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार भी मौजूद रहे। विभाग ने कहा है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावट पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

