मुजफ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हैरानी की बात यह है कि अब चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने सीधे कोतवाली गेट के बाहर ही वारदात को अंजाम दे दिया।
ताजा मामला कोतवाली गेट के बाहर स्थित कॉर्नर की “लिमरा लेदर” दुकान का है, जहां एक युवक बड़ी ही सफाई से घड़ी चोरी करता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना 6 अप्रैल की बताई जा रही है, लेकिन अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक दुकान पर सामान देखने के बहाने आते हैं। इसी दौरान एक युवक मौके का फायदा उठाते हुए चुपके से घड़ी उठा लेता है और बिना किसी शक के अपने साथियों के साथ वहां से निकल जाता है।

इससे पहले शिव चौक क्षेत्र में बुर्काधारी महिला गैंग द्वारा बैग और कॉस्मेटिक आइटम समेत अन्य सामान चोरी करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गोल मार्केट, भगत सिंह रोड और रुड़की रोड पर लगातार हो रही वारदातों के बीच अब कोतवाली गेट के बाहर हुई यह घटना पुलिस के लिए सीधी चुनौती बनकर सामने आई है।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि यह पूरा इलाका शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है, जहां पहले से ही लगातार घटनाएं हो रही हैं। हैरत इस बात की है कि ये सभी घटनाएं चौकी से औसतन 200 से 300 मीटर की दूरी पर घटित हुई है। इसके बावजूद पुलिस चोरों पर कोई ठोस लगाम नहीं लग पा रही है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन वायरल वीडियो ने पुलिस की गश्त और सतर्कता पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद यह कहना गलत नहीं होगा कि शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में ही पुलिसिंग कमजोर नजर आ रही है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।



