मुज़फ़्फ़रनगर में नए जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कार्यभार संभालने के अगले ही दिन कलेक्ट्रेट की व्यवस्थाओं और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। रविवार सुबह कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद डीएम अचानक परिसर में निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने कचहरी स्थित NIC कंट्रोल रूम, निर्माणाधीन रिकॉर्ड रूम, निर्माणाधीन डीएम कार्यालय और जिला पंचायत सभागार परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति तथा उनके पूरा होने की समय-सीमा की जानकारी ली। डीएम ने निर्माणाधीन कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों से नए बन रहे भवनों की स्थिति और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में पहले कुछ भवन जर्जर स्थिति में थे, जिन्हें हटाया गया था। पूर्व जिलाधिकारी के स्तर से लिए गए निर्णयों के तहत अब नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। डीएम सुनील कुमार सिंह ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य यह समझना है कि परिसर में कौन-कौन से निर्माण कार्य चल रहे हैं और उनके पूरा होने की निर्धारित समय-सीमा क्या है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की प्रगति पर नजर रखने और निर्धारित समय में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ अमित सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सुनील कुमार सिंह का मुज़फ़्फ़रनगर से पहले भी प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वह 7 अगस्त 2015 से 22 दिसंबर 2017 तक जिले में एडीएम वित्त एवं राजस्व के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। अब करीब नौ साल बाद वह जिलाधिकारी के रूप में जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में डीएम ने मुज़फ़्फ़रनगर में दोबारा तैनाती मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जिले के लोग बहुत अच्छे हैं और पहले भी उन्हें हर वर्ग से सहयोग मिला था। उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ जिले को प्रगति की राह पर आगे ले जाने की बात कही। साथ ही आगामी चुनाव और जनगणना के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

