मुज़फ्फरनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रविवार रात करीब 10 बजे थाना नई मंडी पुलिस और दो शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जंगल में कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का बिजली का सामान, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
CO नई मंडी सुनील कुमार के अनुसार, एक सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति स्कूटर नुमा रेहड़े में चोरी किए गए बिजली के जले हुए तार लादकर नसीरपुर से गढ़ी गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध रेहड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों आरोपी रेहड़ा छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई। चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में सरताज पुत्र सत्तार निवासी मदीना कॉलोनी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं उसका साथी फुरकान पुत्र अकबर निवासी हाजीपुर जंगल में भाग निकला, लेकिन पुलिस ने तत्काल कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी के बिजली के जले हुए तारों से भरा एक रेहड़ा बरामद किया है। बरामद सामान के संबंध में पुलिस जांच कर रही है कि यह किन-किन स्थानों से चोरी किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक घायल सरताज के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं उसके साथी फुरकान के खिलाफ भी चोरी के कई मामले दर्ज बताए गए।



