मुज़फ़्फ़रनगर। शनिवार की बारिश के बाद शाम होते-होते लौट आई उमस और पूरी रात लोगों को परेशान करने वाली भीषण गर्मी का सिलसिला रविवार दोपहर आखिरकार टूट गया। लगातार दूसरे दिन मौसम ने करवट ली और आसमान से बरसी झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी।
रविवार सुबह से ही जनपद में तेज धूप, उमस और गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा था। स्थिति यह थी कि सुबह से ही पसीना रुकने का नाम नहीं ले रहा था और नहाते समय भी लोग गर्मी से परेशान रहे। दोपहर करीब 12 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और मौसम का मिजाज बदलने लगा।
करीब दोपहर एक बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते शहर और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना हो गया। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी देखने को मिली, लेकिन लोगों ने इसे भीषण गर्मी से मिली राहत के रूप में देखा।
बारिश के बाद अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वायु गुणवत्ता में भी सुधार जारी रहा और जनपद का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 142 रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में बेहतर स्थिति मानी जा रही है। बारिश के दौरान करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
आपको बता दें कि शनिवार को भी दोपहर में हुई बारिश से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन शाम तक उमस फिर लौट आई थी। वहीं रविवार की दोपहर हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम को खुशनुमा बना दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।



