मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के विकास भवन परिसर में गुरुवार दोपहर अचानक कई फुट लंबा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप को परिसर में घूमते देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए कर्मचारियों का ध्यान अपने काम से हटकर सांप को सुरक्षित तरीके से परिसर से बाहर निकालने पर टिक गया।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। कर्मचारियों ने सांप दिखाई देने के बाद तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद उसे पकड़कर परिसर से बाहर ले जाया गया। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद विकास भवन के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान विकास भवन परिसर में सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुट गई। वन विभाग की टीम के रेस्क्यू के बाद स्थिति सामान्य हुई और कर्मचारियों ने अपना काम दोबारा शुरू किया।
