Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंची तीन दोस्तों की अनोखी कांवड: एक दंडवत, दूसरा सपाटे… तीसरे के कंधे पर 101 लीटर गंगाजल

मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंची तीन दोस्तों की अनोखी कांवड: एक दंडवत, दूसरा सपाटे… तीसरे के कंधे पर 101 लीटर गंगाजल

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान मुज़फ़्फ़रनगर का शिव चौक एक बार फिर अनोखी आस्था का साक्षी बना। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आ रहे मेरठ के तीन शिवभक्त दोस्तों की टोली बुधवार रात करीब 9:30 बजे जब शिव चौक पहुंची तो उनकी अनूठी कांवड़ यात्रा देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। तीनों दोस्तों ने बाबा भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा को अलग-अलग तरीके से व्यक्त किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

तीनों शिवभक्तों में एक श्रद्धालु सोनू पूरी यात्रा दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। दूसरे शिवभक्त निखिल सपाटे (लेटकर आगे बढ़ने की पारंपरिक शैली) मारते हुए यात्रा कर रहे हैं, जबकि तीसरा साथी अपने कंधे पर 101 लीटर पवित्र गंगाजल वाली कांवड़ लेकर चल रहा है। तीनों की यह अनूठी साधना श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

शिव चौक पर जैसे ही यह टोली पहुंची, “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों के बीच लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाई और तस्वीरें ली। कई श्रद्धालुओं ने तीनों की भक्ति और संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

तीनों शिवभक्तों ने बताया कि वे मेरठ के निवासी हैं और इस बार की कांवड़ यात्रा केवल व्यक्तिगत मनोकामना के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज की एकता और आपसी भाईचारे की कामना के साथ कर रहे हैं। उनका कहना है कि सनातन समाज संगठित रहेगा तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे।

कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार ऐसी अनोखी कांवड़ें लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। कोई फिटनेस का संदेश दे रहा है, कोई पर्यावरण संरक्षण का और कोई सामाजिक एकता का। इसी कड़ी में मेरठ के इन तीन दोस्तों की यह अनोखी कांवड़ भी शिवभक्तों के बीच खास चर्चा का विषय बनी हुई है।

ALSO READ THIS :  मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड, कांग्रेस डेलिगेशन को पुलिस ने टोल प्लाजा पर रोका,पुलिस से बहस,इमरान मसूद बोले- SSP को सस्पेंड करो

 


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें