Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, शाम 4 बजे से कई रास्ते बंद; महावीर चौक-सर्कुलर रोड से बचने की अपील

मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, शाम 4 बजे से कई रास्ते बंद; महावीर चौक-सर्कुलर रोड से बचने की अपील

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में आज भारतीय किसान यूनियन की प्रस्तावित विशाल मजदूर-किसान महापंचायत को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। GIC मैदान पर होने वाले कार्यक्रम के चलते शाम 4 बजे से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। पुलिस ने लोगों से महावीर चौक और सर्कुलर रोड की ओर जाने से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे के मुताबिक एसडी तिराहे से जानसठ फ्लाईओवर के नीचे होते हुए महावीर चौक की ओर रोडवेज बस, कार, बाइक और अन्य वाहनों का आवागमन गुरुवार शाम 4 बजे से प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों को छोड़कर अन्य वाहन एसडी तिराहे से रोडवेज बस अड्डा और प्रकाश चौक होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

प्रकाश चौक से भारी वाहन और बसों को महावीर चौक की ओर नहीं आने दिया जाएगा। जानसठ रोड के टिकैत चौक से केवल दोपहिया और चारपहिया वाहन महावीर चौक की ओर जा सकेंगे, जबकि ई-रिक्शा, रोडवेज बस, प्राइवेट बस और अन्य भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। मिनाक्षी चौक से भी लोड और भारी वाहनों को महावीर चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

सुजडू चुंगी से दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को सर्कुलर रोड पर महावीर चौक की ओर आने से रोका जाएगा। इसके अलावा महावीर चौक से सर्कुलर रोड पर A2Z फाटक चौराहे तक बाईं ओर का मार्ग बंद रहेगा और दाईं ओर से ही यातायात संचालित किया जाएगा।

इधर, GIC मैदान में होने वाली महापंचायत को लेकर भाकियू पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार कार्यक्रम की खासियत इसका रात में आयोजित होना है। संगठन के मुताबिक यह उसके दशकों पुराने संघर्षवादी इतिहास में पहली बार है जब इतनी बड़ी महापंचायत रात के समय आयोजित की जा रही है। संगठन ने दावा किया है कि कार्यक्रम में मुज़फ़्फ़रनगर के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता पहुंचेंगे।

ALSO READ THIS :  होली के रंगों में डूबा मुजफ्फरनगर! मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने हजारों के साथ खेली ‘फूलों की होली, सद्भाव और प्रेम की जीती-जागती मिसाल

भाकियू के जिलाध्यक्ष नवीन चौधरी के अनुसार महापंचायत में इस बार भोजन के बड़े भंडारे की व्यवस्था नहीं होगी। संगठन ने किसानों से अपील की है कि एक किसान अपने साथ दो साथियों के लिए घर में उपलब्ध भोजन लेकर आए। किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचने की व्यवस्था को देखते हुए GIC मैदान में जगह भरने पर सड़क के दोनों तरफ ट्रैक्टर खड़े कराने की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में रागिनी और पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां भी होंगी और संगठन के मुताबिक महापंचायत का समापन सुबह करीब 5 बजे होगा।

महापंचायत की तैयारियां GIC मैदान में जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की संख्या को लेकर संगठन ने बड़े जुटान का दावा किया है। यातायात पुलिस ने आम लोगों से कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए महावीर चौक और सर्कुलर रोड से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें