मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में ट्रैफिक नियमों के पालन और चेकिंग व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाला 35 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रैफिक पुलिस की नाक के नीचे से मीनाक्षी चौक से शिव चौक होते हुए नावल्टी चौक की ओर एक ऐसी स्कूटी गुजरती दिखाई दे रही हैं, जिस पर तीन या चार नहीं, बल्कि 6 लोग सवार हैं। चालक के अलावा बाकी सभी किशोर बताए जा रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो शुक्रवार शाम करीब 5 बजे फिल्माया गया था। वायरल वीडियो में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला दृश्य एक स्कूटी का है, जिस पर चालक समेत कुल 6 लोग सवार दिखाई देते हैं। वायरल वीडियो में चालक के पीछे बैठे 4 नाबालिग हैं, जबकि एक बच्चा चालक के पैरों के पास स्कूटी के पायदान पर बैठा हुआ है। इसी दौरान आसपास से दूसरी बाइक और स्कूटी भी गुजरती दिखाई देती हैं, जो बिना हेलमेट के राइडिंग कर रहे हैं।
वीडियो मीनाक्षी चौक से शिव चौक और नावल्टी चौक की तरफ का बताया जा रहा है। यह शहर का सबसे व्यस्त एवं मुख्य यातायात क्षेत्र है। ऐसे में बेखौफ तरीके से और नियमों की अनदेखी कर राइडिंग किए जाने वाले वीडियो ने ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
खास बात यह है कि वीडियो में दिखाई दे रहे चालक के अलावा सभी लड़कों की उम्र 18 से कम होने का दावा किया जा रहा है। इससे भी हैरत की बात ये है कि तीनों चौराहों मीनाक्षी चौक, शिव चौक और नावल्टी चौक पर चौबीसों घंटे पुलिस बल तैनात रहता है।
वीडियो में स्कूटी सवार नावल्टी चौक पर तो ट्रैफिक पुलिस की ठीक नाक के नीचे से गुजरती दिखाई दे रही है और यातायात सिपाही को इसकी कोई परवाह तक दिखाई नहीं दे रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब सवाल यह है कि शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात पुलिस की निगरानी के बावजूद इस तरह के वाहन कैसे गुजरते रहे। खासकर नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाए जाने की पुष्टि होने पर मामला और गंभीर हो सकता है।
वीडियो के संबंध में अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।

