मुज़फ़्फ़रनगर। भगवान विश्वकर्मा पूजा दिवस के अवसर पर विश्वकर्मा शोभायात्रा समिति की ओर से शहर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह करीब 9 बजे विश्वकर्मा चौक पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन हुआ। समाज के गणमान्य लोगों ने यज्ञ में आहुति देकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद शगुन बैंक्वेट हॉल में प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया।

पूजन और यज्ञ की प्रक्रिया सत्यप्रकाश धीमान व उनकी पत्नी सुमन धीमान, सुभाष धीमान व उनकी पत्नी तथा पंडित सत्यव्रत आर्य ने संपन्न कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
आयोजन में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, सांसद हरेन्द्र मलिक, बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, पूर्व सांसद कादिर राणा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा समेत अन्य अतिथियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की।
दोपहर करीब एक बजे विश्वकर्मा चौक से भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शिव चौक पहुंची। यहां भगवान शिव और भगवान विश्वकर्मा की आरती की गई। इसके बाद शोभायात्रा रुड़की रोड, अहिल्याबाई चौक, फ्रेंड्स कॉलोनी, सरवट रोड और असारी रोड होते हुए वापस विश्वकर्मा चौक पहुंची।
शोभायात्रा में घोड़ी पर भगवान विश्वकर्मा का ध्वज लेकर श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह भंडारे और प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजकों के मुताबिक शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक झांकियों और बैंड के साथ शहर में निकली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही।
शोभायात्रा के समापन के बाद विश्वकर्मा चौक पर महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक नरेश विश्वकर्मा, सरदार बलविन्द्र सिंह, नरेश पटवारी, उमेश धीमान, अध्यक्ष मुकेश धीमान, नाथीराम धीमान, महामंत्री नरेश पांचाल विश्वकर्मा, संदीप धीमान, प्रदीप धीमान, प्रवीण धीमान, ब्रिजेश धीमान, सुनील धीमान, सुशील धीमान, सतीश धीमान, मोनू धीमान और सुभाष धीमान समेत समिति के पदाधिकारी शामिल रहे।

