मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नई मंडी थाना क्षेत्र के शांति नगर में दिनदहाड़े एक महिला के कानों से सोने के कुंडल झपटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला को बातों में उलझाकर कुछ ही सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मंदिर से लौटते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी अन्नू सावन के पहले दिन सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पीछे-पीछे आए। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा महिला के साथ पैदल चलते हुए बातचीत करने लगा।
आरोपी ने महिला से ठाकुर का मकान पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। महिला ने रास्ता बताते हुए जैसे ही अपने घर के गेट की ओर कदम बढ़ाए, तभी बदमाश ने पीछे से झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों से सोने के कुंडल छीन लिए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं और दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह बदमाश पहले महिला की रेकी करते हैं और फिर मौका मिलते ही कुछ ही सेकेंड में झपटमारी कर फरार हो जाते हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चार पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि महिला से कुंडल झपटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पीड़िता ने सुनाई आपबीती
पीड़ित महिला अन्नू ने बताया कि वह सुबह करीब 9 से 9:30 बजे मंदिर से पूजा कर लौट रही थीं। उनके पीछे एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आ रहे थे। एक युवक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा उनके साथ पैदल चलने लगा और ठाकुर के मकान का पता पूछने लगा।
महिला ने बताया कि जैसे ही उन्होंने रास्ता बताया और अपने घर के गेट की ओर बढ़ीं, आरोपी ने पीछे से झपट्टा मारकर उनके कानों से करीब एक तोला वजन के सोने के पंजाबी कुंडल छीन लिए और अपने साथी के साथ फरार हो गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।



