Home » विविध इंडिया » शादी से लौट रहे युवकों की कार तालाब में गिरी, ओडिशा के ढेंकानाल में पांच की मौत, दो घायल

शादी से लौट रहे युवकों की कार तालाब में गिरी, ओडिशा के ढेंकानाल में पांच की मौत, दो घायल

Facebook
Twitter
WhatsApp

ढेंकानाल। ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रहे युवकों की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में पांच युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दो युवकों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यह हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, सभी युवक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद गाड़ी सीधे तालाब में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में कुल सात युवक सवार थे।

ग्रामीणों ने बचाव अभियान चलाकर दो युवकों को बचाया

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तालाब में उतरकर युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पांच अन्य युवक पानी में डूब गए। काफी प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

20 से 25 साल के थे सभी मृतक युवक

पुलिस ने मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाइन, अभिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक सभी मृतकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच थी।

ALSO READ THIS :  मन की बात में पीएम मोदी ने मणिपुर के डॉ. रोनाल्डो लैशराम का किया जिक्र, बोले- लोकटक झील अब ब्रह्मांड में बिखेर रही चमक

चंद्रकांत स्वाइन, अभिनाश साहू, राकेश साहू और श्रीराम साहू ढेंकानाल जिले के मोतांगा क्षेत्र स्थित बंगुरिसिंह गांव के रहने वाले थे, जबकि अभिजीत साहू सिमिनाई गांव का निवासी था।

सभी युवक मोतांगा के बंगुरिसिंह गांव से इंदीपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से वापस लौटते समय रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस

हादसे में घायल दोनों युवकों को तत्काल ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर वाहन तालाब में किस वजह से गिरा। शुरुआती जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें