Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले राकेश टिकैत, “ये आस्था का सवाल… गैंग में शामिल सभी लोगों की हो जांच”

राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले राकेश टिकैत, “ये आस्था का सवाल… गैंग में शामिल सभी लोगों की हो जांच”

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। अयोध्या स्थित राम मंदिर में सामने आए चंदा चोरी के मामले पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाए।

मुज़फ़्फ़रनगर में मीडिया से बातचीत के दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि “राम मंदिर में चंदा चोरी की घटना दुखद है। यह आस्था का सवाल है। लोगों ने श्रद्धा से दान दिया है। ऐसे में जो भी लोग इस चोरी में शामिल हैं, पुलिस उनकी पूरी जांच करे और उन्हें चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करे।”

उन्होंने देश में आर्थिक अपराधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “फाइनेंशियल क्राइम को यहां बड़ा अपराध नहीं माना जाता। चाहे कोई कितना भी बड़ा आर्थिक अपराध कर ले, उसे वैसी सजा नहीं मिलती जैसी मिलनी चाहिए।”

राकेश टिकैत ने तंज कसते हुए कहा कि “जनाना और खजाना पहरे में भी लूट लिए जाते हैं। जिसकी जहां ड्यूटी लगी, वहीं से माल गायब हो गया। इसलिए केवल छोटे कर्मचारियों तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि पूरे गैंग की जांच होनी चाहिए कि इसमें कौन-कौन शामिल है।”

उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है, कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है और एसआईटी का गठन भी किया जा रहा है। ऐसे में जांच पूरी पारदर्शिता से होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में लव जिहाद का सनसनीखेज मामला! समीर शर्मा बन इंस्टाग्राम पर समीर शर्मा बन ब्राह्मण विधवा को फंसाया, स्वामी का 7 दिन का अल्टीमेटम

टिकैत ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना से लोगों की भगवान राम के प्रति आस्था कम नहीं होगी। उन्होंने कहा कि “राम में सबकी आस्था है। चोरी करने वालों और आस्था को ठेस पहुंचाने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।”

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें