मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन पूरा होने के अवसर पर शिवसेना पश्चिम उत्तर प्रदेश इकाई ने जनसेवा एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया। बुधवार को पश्चिम प्रदेश कार्यालय पर हुए कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों को शाल एवं चादर वितरित की गईं। इसके साथ ही भंडारे का आयोजन कर लोगों को भोजन एवं प्रसाद कराया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम प्रदेश राज्य प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने की, जबकि संचालन मंडल प्रमुख शरद कपूर ने किया। शिवसेना पदाधिकारियों के मुताबिक, 7 अक्टूबर को पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर सेवा और अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुज़फ़्फ़रनगर में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शाल और चादर दी गईं। इसके बाद कार्यालय परिसर में भंडारा हुआ। कार्यकर्ताओं ने स्वयं व्यवस्थाएं संभालीं और लोगों को भोजन कराया।
ललित मोहन शर्मा ने कहा कि शिवसेना जनसेवा के कार्यों को राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, भंडारे और जरूरतमंदों को शाल-कंबल बांटने जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिवसेना प्रदेश महासचिव बिट्टू सिखेड़ा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति भी बताई। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के साथ गठबंधन नहीं होता है तो शिवसेना प्रत्येक जिले में कम से कम एक विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी चल रही है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि जनसेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
