सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रामपुर कलां थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं।
रेलवे पुलिया के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, सोमवार को रामपुर कलां थाना पुलिस की टीम ने जामनगर बेधौरा रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस का सामना हत्या के मामले में वांछित आरोपी रंगीलाल निवासी बगराभारी से हो गया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से रंगीलाल घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
5 नवंबर को महिला की हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को रामपुर कलां थाना क्षेत्र के बगराभारी गांव निवासी अनीता (35) पत्नी संतराम की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। मामले में फरार चल रहे रंगीलाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने महिला की दिनदहाड़े हत्या की थी और वारदात के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी पर दर्ज हैं 18 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रंगीलाल रामपुर कलां थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ वर्ष 1994 से वर्ष 2026 तक लूट, चोरी, अवैध शस्त्र और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे भी बरामद किए हैं।
सितंबर में भी दुष्कर्म के आरोपी की हुई थी गिरफ्तारी
इससे पहले सितंबर में भी सीतापुर में पुलिस ने छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, थानगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने नाना के घर आई बच्ची को आरोपी अवधराम उर्फ भोलेशंकर बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत में ले गया था, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था।

