Home » विविध इंडिया » बिगड़ते स्वास्थ्य के बीच सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, दिल्ली पुलिस बोली- हाईकोर्ट के आदेश पर की कार्रवाई

बिगड़ते स्वास्थ्य के बीच सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, दिल्ली पुलिस बोली- हाईकोर्ट के आदेश पर की कार्रवाई

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों और डॉक्टरों की सलाह के आधार पर की गई है। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर को शांतिपूर्ण तरीके से खाली करने की भी अपील की है।

शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंची और सोनम वांगचुक को अपने साथ अस्पताल ले गई। इस दौरान वहां मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। मौके पर मौजूद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई का विरोध किया। ये कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल थे।

हाईकोर्ट के आदेश और डॉक्टरों की सलाह पर कार्रवाई, स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि सोनम वांगचुक की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुलिस के अनुसार यह कदम दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के अनुरूप उठाया गया।

डीसीपी नई दिल्ली के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया कि हाईकोर्ट के आदेशों के पालन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। हालांकि पुलिस ने संयम बनाए रखा और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से पूरा किया।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग के जेई को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, प्रधान पति को हिरासत में लेने पर थाने में हंगामा

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर को शांतिपूर्ण तरीके से खाली करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। पुलिस का कहना है कि सभी से शांतिपूर्ण व्यवहार की अपेक्षा की जा रही है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया था कि सरकारी डॉक्टर प्रतिदिन उनकी मेडिकल जांच करें और उनके जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी चिकित्सीय उपाय सुनिश्चित किए जाएं। अदालत ने स्पष्ट कहा था कि जीवन सर्वोपरि है और यदि स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार की गिरावट आती है तो तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इसी आदेश के अनुपालन में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह के बाद शनिवार को सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनके स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रख रही है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें