Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ्फ़रनगर के 40 मेधावियों को हर साल मिलेगा ‘राधेश्याम मिश्रा स्मृति अवार्ड’, तेजस फाउंडेशन ने की घोषणा

मुज़फ्फ़रनगर के 40 मेधावियों को हर साल मिलेगा ‘राधेश्याम मिश्रा स्मृति अवार्ड’, तेजस फाउंडेशन ने की घोषणा

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फ़रनगर। जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तेजस फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। फाउंडेशन ने निर्णय लिया है कि अब प्रत्येक वर्ष जनपद के 40 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को “राधेश्याम मिश्रा स्मृति अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान स्वर्गीय राधेश्याम मिश्रा की स्मृति में प्रदान किया जाएगा और इसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना है।

तेजस फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह एवं एडवाइजरी बोर्ड के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया कि इस सम्मान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) तथा सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बोर्ड द्वारा प्रत्येक वर्ष जनपदवार मेरिट सूची जारी की जाती है। इसलिए यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों का चयन उसी सूची के आधार पर किया जाएगा। वहीं सीबीएसई बोर्ड जनपदवार मेरिट सूची जारी नहीं करता, इसलिए तेजस फाउंडेशन जनपद के सभी सीबीएसई विद्यालयों से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो विद्यार्थियों की अंकतालिकाएं मंगवाएगा।

फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि सीबीएसई के विद्यार्थियों के निष्पक्ष चयन के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति गठित की जाएगी। समिति सभी विद्यालयों से प्राप्त अंकतालिकाओं का मूल्यांकन कर जनपद के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन करेगी, जिससे सम्मान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

तेजस फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मान संस्था के उपाध्यक्ष संजय मिश्रा के पूज्य पिता स्वर्गीय राधेश्याम मिश्रा की स्मृति में प्रारंभ किया जा रहा है। उनका मानना है कि मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक सम्मान न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
फाउंडेशन ने कहा कि भविष्य में इस सम्मान समारोह को जनपद के प्रमुख शैक्षिक आयोजनों में शामिल किया जाएगा, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को समाज के सामने सम्मानित किया जा सके और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में नन्ही कलमों का कमाल, 160 विद्यार्थियों की सुंदर लेखनी ने जीता सबका दिल

इस अवसर पर तेजस फाउंडेशन के उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अमित गोयल, सदस्य दीपक सर्राफ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

मुजफ्फरनगर जिला कलेक्ट्रेट में गरजे धर्मेंद्र मलिक: भाकियू (अराजनैतिक) के धरने में ₹500 प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य की मांग, अवैध खनन में कार्रवाई रोकने और प्रशासनिक कार्यशैली पर उठाए सवाल

ज़रूर पढ़ें