मुज़फ्फ़रनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का आज तीसरा और अंतिम दिन है। शुक्रवार तक दो दिन सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद शनिवार सुबह प्रथम पाली की परीक्षा निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे से जनपद के सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। अंतिम दिन भी परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
जनपद में 2, 3 और 4 जुलाई तक आयोजित हो रही इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश प्रक्रिया समय से शुरू कर दी गई ताकि परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हो सके।
हर परीक्षा केंद्र पर इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सबसे पहले दस्तावेजों का सत्यापन कराना पड़ रहा है। इसके बाद शारीरिक तलाशी ली जा रही है और फिर AI कैमरों एवं बायोमेट्रिक सिस्टम के माध्यम से पहचान का मिलान किया जा रहा है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
DM उमेश मिश्रा, SSP संजय कुमार वर्मा और SP सिटी अमृत जैन पहले ही कई बार सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की पहचान पूरी तरह सुनिश्चित की जाए।
सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा मोबाइल पुलिस टीमें लगातार भ्रमणशील हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी लगातार जारी है ताकि पेपर लीक या किसी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने साफ किया है कि फर्जी अभ्यर्थियों, नकल कराने वाले गिरोह या परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था लागू की गई है।
दो दिनों का परीक्षा रिकॉर्ड भी सामने आया है। 2 और 3 जुलाई को आयोजित चार पालियों में कुल 23,715 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 20,836 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,879 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। प्रशासन का कहना है कि अब अंतिम दिन की दोनों पालियां भी शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएंगी।


