Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर: UPTET परीक्षा में OMR शीट ‘छू–मंतर’ होने से मचा हड़कंप, छात्रा की आंसर-की ‘गायब’ होने की सूचना पर दौड़ी पुलिस

मुजफ्फरनगर: UPTET परीक्षा में OMR शीट ‘छू–मंतर’ होने से मचा हड़कंप, छात्रा की आंसर-की ‘गायब’ होने की सूचना पर दौड़ी पुलिस

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फ़रनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के दूसरे दिन जनपद के एक परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छात्रा की OMR शीट की ट्रेजरी कॉपी (दूसरी आंसर-की) गायब होने की सूचना सामने आई। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज का है, जहां परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी मिलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल थाना नगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक बिर्जेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। इस दौरान परीक्षा देकर बाहर निकल रहे अभ्यर्थियों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि कोई गोपनीय दस्तावेज परीक्षा केंद्र से बाहर न चला गया हो।

इसके बाद परीक्षा केंद्र में जमा सभी OMR शीटों और उनकी ट्रेजरी कॉपियों की दोबारा गहन जांच कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित छात्रा की मुख्य OMR शीट और उसकी दूसरी ट्रेजरी कॉपी आपस में चिपकी हुई थीं। इसी कारण पहली नजर में दूसरी कॉपी जमा न होने का भ्रम पैदा हो गया था।

मामला स्पष्ट होने के बाद परीक्षा अधिकारियों और पुलिस ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर संबंधित छात्रा से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन दोबारा जांच में स्थिति स्पष्ट होने के बाद उसे वापस बुलाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। पुलिस और परीक्षा अधिकारियों की तत्परता से मामला कुछ ही देर में शांत हो गया।
इधर, जनपद में दूसरे दिन भी UPTET परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। पहली पाली में निर्धारित 5,921 अभ्यर्थियों में से 5,342 उपस्थित रहे, जबकि 579 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5,483 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 438 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पूरी तरह चाक-चौबंद रही।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में अखिल भारतीय वैश्य महासंगठन की नई जिला कार्यकारिणी घोषित! कपिल कुमार गुप्ता बने जिलाध्यक्ष, एकजुटता और राजनीतिक ताकत पर जोर

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें