शामली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली में 581 करोड़ रुपये की लागत वाली 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए दोनों दलों को विकास और विरासत का विरोधी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले विकास कार्य ठप थे, जबकि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग जिन्ना की विचारधारा के समर्थक हैं और वे प्रदेश के विकास तथा सांस्कृतिक विरासत को स्वीकार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में बिजली, सुरक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
शामली को बताया विकास का नया केंद्र
सीएम योगी ने कहा कि कभी आतंक, पलायन और गुंडागर्दी के कारण चर्चा में रहने वाला शामली अब विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला मार्ग और प्रस्तावित शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से जिले का महत्व और बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के कारण शामली पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का महत्वपूर्ण विकास केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कानून व्यवस्था पर गिनाई उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि पहले व्यापारी, किसान और आम नागरिक डर के माहौल में रहते थे, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और प्रदेश में निवेश तथा विकास के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया गया है।
कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं से अपील
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं से यात्रा की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़िए भगवान शिव के भक्त हैं और उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को यात्रा को बदनाम करने का मौका नहीं दिया जाना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसे तुरंत अलग किया जाए।
किसानों और चीनी उद्योग का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की चीनी मिलें संकट में थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें दोबारा मजबूत करने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और गन्ना किसानों को बेहतर भुगतान व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
शामली की विरासत को किया याद
मुख्यमंत्री ने शामली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महाभारत काल से इस क्षेत्र का विशेष महत्व रहा है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने धर्मयुद्ध के लिए प्रस्थान से पहले इस क्षेत्र में विश्राम किया था।
उन्होंने 1857 की क्रांति में शामली और कैराना के योगदान को याद करते हुए कैराना घराने की संगीत परंपरा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को देश और दुनिया में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत वंदे मातरम्, भारत माता की जय और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ की। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा और विरासत के संरक्षण को साथ लेकर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।



