Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » सिसौली में नरेश टिकैत से मिले कांग्रेस प्रभारी संजीव आर्य, किसान हित से लेकर संविधान की रक्षा तक हुई चर्चा

सिसौली में नरेश टिकैत से मिले कांग्रेस प्रभारी संजीव आर्य, किसान हित से लेकर संविधान की रक्षा तक हुई चर्चा

Facebook
Twitter
WhatsApp

सिसौली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी संजीव आर्य ने किसान चिंतक कमल मित्तल के साथ सिसौली स्थित किसान भवन पहुंचकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत से मुलाकात की। इस दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों, किसान आंदोलनों के इतिहास, कांग्रेस के किसान हितैषी कार्यों और संविधान की रक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। संजीव आर्य ने चौधरी नरेश टिकैत से आशीर्वाद भी लिया।

नरेश टिकैत ने गिनाए कांग्रेस के किसान हितैषी काम

मुलाकात के दौरान चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि कांग्रेस एक नरम और किसान हितैषी पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भोपा नहर में 16 ट्रैक्टरों के गिरने के बाद किसानों को नए ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का मामला हो या किसानों के 72 हजार करोड़ रुपये के कर्ज की माफी, कांग्रेस ने किसानों के लिए बड़ा दिल दिखाया था। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सरकारों ने कई बार संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिए।

उन्होंने किसान आंदोलनों के पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन की पंचायत को देखते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपनी प्रस्तावित रैली को वोट क्लब के स्थान से लाल किले पर स्थानांतरित कर दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के समय किसानों के कई वर्षों के बिजली बिल माफ किए गए थे।

सिसौली में बाबा टिकैत की समाधि पर पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी संजीव आर्य और किसान चिंतक कमल मित्तल ने किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की समाधि पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।

ALSO READ THIS :  राहुल गांधी पर अनिल राजभर का पलटवार, बोले- भारत से लगाव रखने वाला हर नागरिक पीएम मोदी के साथ खड़ा

संजीव आर्य ने कहा कि बाबा महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले ऐसे नेता थे, जिनकी आवाज ने पूरे देश में किसान आंदोलन को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि किसान मसीहा बाबा टिकैत आज भी किसानों के दिलों में उतने ही लोकप्रिय और श्रद्धेय हैं, जितने अपने जीवनकाल में थे।

उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों के लिए बाबा टिकैत का संघर्ष, उनकी बुलंद आवाज और किसान एकता का संदेश हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

दशकों से जल रही किसान ज्योत के किए दर्शन

संजीव आर्य ने सिसौली में दिव्य किसान ज्योत के भी दर्शन किए और उसमें घी की आहुति अर्पित की। उन्होंने कहा कि एक मार्च 1987 से लगातार जल रही यह ज्योत बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के प्रति किसानों की अटूट श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि इस पवित्र किसान ज्योत के दर्शन करने और घी की आहुति अर्पित करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह ज्योत किसानों के संघर्ष, एकता और बाबा टिकैत के विचारों की याद दिलाती है।

संजीव आर्य ने कहा कि बाबा टिकैत ने किसानों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का रास्ता दिखाया। उनका संघर्ष आने वाले समय में भी किसानों को प्रेरणा देता रहेगा।

नरेश टिकैत को भेंट किया डॉ. अंबेडकर का चित्र

मुलाकात के दौरान संजीव आर्य ने भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट किया।

इस अवसर पर संजीव आर्य ने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान के मूल स्वरूप को नष्ट करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन देश का सबसे बड़ा किसान संगठन है और ऐसे में संविधान की रक्षा के लिए उसकी भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बनती है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में ठंड से बचाव की मुहिम! ADM गजेंद्र कुमार ने रैन बसेरा निरीक्षण किया, खुले में सो रहे लोगों को आश्रय में भेजा

उन्होंने चौधरी नरेश टिकैत से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

विधान परिषद प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ ने भी लिया आशीर्वाद

विधान परिषद स्नातक चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी विक्रांत वशिष्ठ ने भी चौधरी नरेश टिकैत से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार विधान परिषद स्नातक चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होगी।

विक्रांत वशिष्ठ ने चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और मतदाताओं के बीच जनसंपर्क को लेकर भी चर्चा की। कांग्रेस की ओर से स्नातक मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

इस दौरान कांग्रेस नेता कुलदीप बालियान भी मौजूद रहे।

किसान भवन से संविधान तक, सिसौली में दिखी सियासत और किसान सरोकार की तस्वीर

सिसौली में हुई इस मुलाकात को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर कांग्रेस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी है, वहीं दूसरी ओर किसान मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार सक्रियता बढ़ा रही है। नरेश टिकैत से मुलाकात, बाबा टिकैत की समाधि पर श्रद्धांजलि और किसान ज्योत के दर्शन के साथ कांग्रेस ने किसान सरोकारों से खुद को जोड़ने का संदेश दिया।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें