Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » पूरे इलाके में सड़कें बनीं, सैनिक बिहार की यह गली बदहाल: जलभराव-गंदगी से परेशान लोग, सभासद पर अनदेखी का आरोप

पूरे इलाके में सड़कें बनीं, सैनिक बिहार की यह गली बदहाल: जलभराव-गंदगी से परेशान लोग, सभासद पर अनदेखी का आरोप

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। नई मंडी इलाके के सैनिक बिहार की मंदिर वाली गली के लोगों का गुस्सा अब स्थानीय व्यवस्था को लेकर खुलकर सामने आने लगा है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि आसपास की कई सड़कों और गलियों का निर्माण हो चुका है, लेकिन उनकी गली को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। गली की बदहाल स्थिति के चलते लोगों को जलभराव, गंदगी और गड्ढों के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, थोड़ी सी बारिश होते ही पूरी गली में पानी भर जाता है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों के घरों के आसपास भी पानी जमा रहता है। गंदगी और जमा पानी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि गली में सांप और अन्य कीड़े निकलने की समस्या भी बनी रहती है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को खास तौर पर परेशानी होती है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क और नाली की समस्या को लेकर उन्होंने वर्तमान सभासद/वार्ड मेंबर बबली से कई बार शिकायत की और फोन के जरिए भी समस्या बताई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि उन्हें हर बार आश्वासन देकर टाल दिया जाता है।

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि चुनाव के दौरान वोट मांगने के लिए जनप्रतिनिधि उनके बीच पहुंचते हैं, लेकिन समस्या सामने आने के बाद मौके पर दिखाई नहीं देते। लोगों का कहना है कि यदि गली में लगातार जलभराव और गंदगी बनी रही तो आने वाले दिनों में बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में चाय बनाते हुए घर जलकर राख! गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान खाक

एक स्थानीय निवासी ने कहा कि बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों की मांग है कि मंदिर वाली गली में सड़क और नाली का निर्माण कराया जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त हो और नियमित सफाई कराई जाए।

फिलहाल क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखेंगे।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें