मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में राधाष्टमी का पर्व शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गांधीनगर स्थित श्यामा-श्याम मंदिर से श्री राधा जी के प्रकटोत्सव के अवसर पर दोपहर करीब 12 से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान श्री राधा जी की झांकी और सजे हुए रथ ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बैंड-बाजों के साथ शामिल हुए।

श्यामा-श्याम मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा गांधीनगर की विभिन्न गलियों से होकर गुजरी। आयोजकों के अनुसार, यह शोभायात्रा वर्ष 1990 से लगातार आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा और श्रद्धालु श्री राधा जी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर गुझिया, पकौड़ी, नाश्ता और कोल्ड ड्रिंक का वितरण किया गया। स्थानीय लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया। रथ और झांकी के साथ चल रहे श्रद्धालुओं के कारण पूरे मार्ग पर काफी चहल-पहल रही।
शोभायात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा मंदिर में रात 7 बजे से 11 बजे तक विशेष महारास कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है।
शिव चौक पर भंडारा
राधाष्टमी के अवसर पर शिव चौक पर भी “कुलदीप भाई आइसक्रीम वाले” की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान शिव चौक पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई।

