Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में प्रधान के इकलौते बेटे की हत्या: खेत में पड़ा मिला 12वीं के छात्र का शव, खुलासे के लिए 3 टीमें गठित

मुजफ्फरनगर में प्रधान के इकलौते बेटे की हत्या: खेत में पड़ा मिला 12वीं के छात्र का शव, खुलासे के लिए 3 टीमें गठित

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरैटी में ग्राम प्रधान के इकलौते बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गांव की सड़क के पास खेतों में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान रोहन राठी के रूप में हुई है। वह गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान विवेक राठी का इकलौता बेटा था और 12वीं कक्षा में पढ़ता था। शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुबह क्षेत्र के किसान खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेतों में युवक का शव पड़ा देखा और इसकी जानकारी ग्राम प्रधान विवेक राठी को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रोहन के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार और पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में SSP संजय कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। SSP के मुताबिक घटना के जल्द खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस टीमों की ओर से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही जीपीएस, सीडीआर और एसओजी की तकनीकी सहायता से संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।

ALSO READ THIS :  सुसाइड नोट में छुपा ‘राज’! मुज़फ़्फ़रनगर में युवक की मौत के पीछे मां–बेटी का टॉर्चर! पैसों की मांग से टूट गया था आयुष, मरने से पहले लिख गया दर्दभरी कहानी

भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी समेत ग्रामीणों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार रोहन की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें