मुज़फ़्फ़रनगर: दादूपुर गांव में रविवार रात हुए सनसनीखेज पिता-पुत्र के दोहरे हत्याकांड ने अब सोशल मीडिया की दुनिया में खलबली मचा दी है। वारदात के दो दिन बाद, मंगलवार को एक वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट ने इस खूनी खेल को नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ दे दिया है। हत्याकांड में नामजद कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अंकुल की बताई जा रही इंस्टाग्राम आईडी से एक ऐसा संदेश सामने आया है, जिसे सीधे तौर पर इस कत्ल और पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्ट में लिखा गया है कि “जिंदगी तो अपने दम पर ही जी जाती है, दूसरों के कंधे पर तो सिर्फ जनाजे उठाए जाते हैं।” इतना ही नहीं, इसी अकाउंट से ‘मोनू गुर्जर की हत्या का बदला पूरा होने’ का दावा करने वाली पोस्ट भी तेज़ी से चर्चा में है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और सवालों का बवंडर खड़ा कर दिया है।
गवाही से महज तीन दिन पहले बिछीं लाशें
पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में 22 नवंबर की रात मुख्तियार सिंह और उनके बेटे सुखजिंदर उर्फ काका को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में इस दोहरे कत्ल के तार 11 सितंबर 2025 को हुए चर्चित मोनू गुर्जर हत्याकांड की खूनी रंजिश से जुड़ते दिख रहे हैं। उस हत्याकांड में मृतक सुखजिंदर, उसका भाई बलजिंदर उर्फ सोनू और चाचा करतार सिंह नामजद थे। जेल की सलाखों के पीछे रहने के बाद सुखजिंदर और बलजिंदर हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आए थे। हैरानी की बात यह है कि इसी मुकदमे में 25 नवंबर को कोर्ट में अहम गवाही होनी थी, लेकिन गवाही की तारीख आने से ठीक तीन दिन पहले ही पिता-पुत्र को रास्ते से हटा दिया गया।
सोशल मीडिया पर ‘बदले’ का खुलेआम ऐलान?
वारदात के बाद सुर्खियों में आई ‘अंकुल मेघा’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी (जिस पर 104 पोस्ट और 1519 फॉलोअर्स हैं) से वायरल हो रही पोस्ट ने पुलिस और आम लोगों का ध्यान खींच लिया है। जहां एक तरफ जनाजे वाली शायरी के जरिए खौफ पैदा करने की कोशिश दिख रही है, वहीं दूसरी तरफ मोनू गुर्जर की हत्या का बदला लेने के दावे वाली पोस्ट ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। हालांकि, पुलिस और साइबर सेल इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह अकाउंट वाकई आरोपी का ही है या किसी ने माहौल बिगाड़ने के लिए फर्जी पोस्ट डाली है, क्योंकि महज सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर अभी किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती।
हिस्ट्रीशीटर समेत 9 पर शिकंजा, दो राज्यों में पुलिस की दबिश
मृतक मुख्तियार सिंह के बड़े बेटे बलजिंदर की तहरीर पर पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें मेघा निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकुल और अंकित, देवबंद निवासी सचिन त्यागी, दादूपुर निवासी बिल्लू, मोहित, रवि, संजय, सोनू और उत्तराखंड के खानपुर थाना क्षेत्र (अय्यापुर) निवासी अंकित उर्फ मोती शामिल हैं। मुख्य आरोपी अंकुल बेहद शातिर अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से ही संगीन धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
दादूपुर गांव यूपी और उत्तराखंड की सीमा पर बसा है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी फरार होने की फिराक में हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 6 विशेष टीमें दोनों राज्यों के संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। सीमा विवाद और क्षेत्राधिकार की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस अब इस दोहरे हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है, जहां आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ वायरल पोस्ट का सच सामने लाना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

