मदनपल्ले। रिलायंस इंडस्ट्रीज आंध्र प्रदेश में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में करीब एक लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। इस निवेश के तहत राज्य में कंप्रेस्ड बायोगैस यानी सीबीजी प्लांट लगाए जाएंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा कि प्रस्तावित निवेश से राज्य में तीन लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दशकों में इस परियोजना से आंध्र प्रदेश को करीब 60 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है।
मदनपल्ले में रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के शिलान्यास कार्यक्रम में संबोधन के दौरान अनंत अंबानी ने ग्रीन एनर्जी परियोजना को किसानों और देश की ऊर्जा सुरक्षा से जोड़ते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने वाले किसान भविष्य में भारत की ऊर्जा सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके मुताबिक कृषि क्षेत्र को ऊर्जा उत्पादन से जोड़कर किसानों को ‘अन्नदाता से ऊर्जादाता’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, मंत्री नारा लोकेश समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान कृषि, तकनीक और ऊर्जा क्षेत्र में संभावित सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।
अनंत अंबानी ने कृषि में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, रोबोटिक्स और अन्य नई तकनीकों का उपयोग किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने में मददगार हो सकता है। उन्होंने कहा कि रिलायंस का जियो प्लेटफॉर्म इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के प्रशिक्षण मॉड्यूल को भारतीय भाषाओं में वर्चुअल क्लासरूम के माध्यम से बड़ी संख्या में किसानों तक पहुंचाने में सहयोग करेगा।
उन्होंने जियो कृषि प्लेटफॉर्म की तकनीक को भी किसानों के लिए उपयोगी बनाने की बात कही। उनका जोर इस बात पर रहा कि तकनीक को केवल बड़े कृषि संस्थानों तक सीमित रखने के बजाय उसे गांवों और खेतों तक पहुंचाया जाए, ताकि किसान आधुनिक जानकारी और संसाधनों का इस्तेमाल कर सकें।
अनंत अंबानी ने कहा कि भारत ने दुनिया को बड़ी संख्या में मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ दिए हैं, अब किसान को भी अपने खेत का सीईओ बनाना है। उन्होंने खेती को एक पेशेवर, सम्मानजनक और आधुनिक आजीविका के रूप में विकसित करने पर जोर दिया, ताकि युवा पीढ़ी भी कृषि को गर्व के साथ करियर के रूप में अपना सके।
अपने भाषण के अंत में अनंत अंबानी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से तेलुगू में कहा, “नन्नु आंध्र बिड्डगा भाविंचंडी”, जिसका अर्थ है, “मुझे आंध्र का बेटा समझिए।” उन्होंने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज आंध्र प्रदेश सरकार और किसानों के साथ मिलकर इस साझेदारी को आगे बढ़ाएगी।

