मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में 4 और 5 अक्टूबर को अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने शहर के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर मरम्मत, जर्जर तार बदलने और लाइन शिफ्टिंग का काम कराने के लिए निर्धारित समय में शटडाउन की सूचना जारी की है।
शनिवार शाम करीब 5 बजे विद्युत विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 4 अक्टूबर को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र टीपी नगर से जुड़े 11 केवी फीडरों पर जर्जर तार बदलने और बिजनेस प्लान के तहत प्रस्तावित कार्य किया जाएगा। इसके चलते सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुरक्षा की दृष्टि से इसी अवधि में 33 केवी जिला न्यायालय लाइन का भी शटडाउन रहेगा।
इसी तरह 4 अक्टूबर को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र टाउन हॉल से जुड़े 11 केवी पोषकों पर लाइन शिफ्टिंग का काम किया जाना है। इसके चलते सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से काम को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है।
वहीं 5 अक्टूबर को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शामली रोड का निरीक्षण और परीक्षण किया जाएगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शामली रोड उपकेंद्र से निकलने वाले सभी 11 केवी पोषकों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि काम की आवश्यकता के अनुसार शटडाउन के समय में बदलाव भी किया जा सकता है।

