मुंबई। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बीच रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ियों ने भी पदक जीतने में अहम योगदान दिया। फाउंडेशन के अनुसार, भारत द्वारा जीते गए कुल 85 पदकों में से 29 पदकों में रिलायंस फाउंडेशन के कार्यक्रमों और साझेदारियों से जुड़े खिलाड़ियों का योगदान रहा। इस बार फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ियों ने टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया।
भारत ने एशियन गेम्स में कुल 85 पदक अपने नाम किए और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन के बाद रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता मुकेश अंबानी ने टीम इंडिया को बधाई दी।
नीता अंबानी ने महिला खिलाड़ियों की सफलता को सराहा
नीता अंबानी ने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम इंडिया ने देश को गर्व करने के कई अवसर दिए हैं। उन्होंने खास तौर पर महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी सफलता ने युवा लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ियों की सफलता युवा प्रतिभाओं पर उनके भरोसे को और मजबूत करती है। नीता अंबानी ने भारत की जर्सी पहनकर मैदान में उतरने वाले हर खिलाड़ी के प्रति आभार भी जताया।
48 खिलाड़ियों ने किया टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व
एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भी नीता अंबानी ने भारतीय दल के लिए अपना संदेश जारी किया था। उस दौरान उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ियों का विशेष उल्लेख करते हुए उनकी वर्षों की मेहनत और उनके परिवारों के त्याग को याद किया था।
एशियन गेम्स में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बाद फाउंडेशन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
200 से अधिक खिलाड़ियों को मिल रहा समर्थन
रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार, ओलंपिक में शामिल होने वाले 10 से अधिक खेलों में फाउंडेशन 200 से ज्यादा खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान कर रहा है। इसके तहत खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप के साथ स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन, कोचिंग, टेक्नोलॉजी, खेल उपकरण और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपोजर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
फाउंडेशन का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को उच्चतम स्तर तक पहुंचाने में सहयोग करना है।
अब नजर लॉस एंजेलिस ओलंपिक पर
एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता के बाद अब उनकी नजर अगले बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर है। फाउंडेशन के अनुसार, एशियन गेम्स में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफिकेशन हासिल किया है।
इस लिहाज से एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन देश के खिलाड़ियों के लिए अगली ओलंपिक चुनौती की तैयारियों की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नीता अंबानी ने भारतीय दल को बधाई देते हुए खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और देश के लिए खेलने की भावना की सराहना की।
