मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में भाजपा के ‘पाप के घड़े’ के तंजिया आरोप पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया। सपा कार्यालय पर मंगलवार अपराह्न करीब 3 बजे शमशेर मलिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक रूप से ‘भाजपा के पाप का घड़ा’ फोड़कर विरोध दर्ज कराया। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा के 34 साल के राजनीतिक सफर पर सवाल उठाते हुए कथित ‘सपा के पाप का घड़ा’ फोड़ा था।
प्रदर्शन के दौरान शमशेर मलिक ने कहा कि भाजपा नेता हताशा में ऐसे कदम उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के करीब 10 साल के कार्यकाल में प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। मलिक ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, महंगाई और स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
मलिक ने ‘भाजपा के पाप का घड़ा’ फोड़ने को इन्हीं मुद्दों के खिलाफ सपा का प्रतीकात्मक विरोध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी जैसे मुद्दों ने भी जनता की चिंता बढ़ाई है। उनका दावा था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता वोट की चोट से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
सपा नेता ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की एकजुटता के साथ उत्तर प्रदेश में फिर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नूर हसन सलमान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तहसील मसूरी, लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव संदीप पाल, वसीम राणा, संवर खान, संदीप प्रजापति, महानगर अध्यक्ष छात्र सभा नदीम मलिक, सोशल मीडिया प्रभारी नावेद रज़ा, सागर कश्यप, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष सलमान त्यागी, सपा नेता इमरोज़ पायलट, जिलाध्यक्ष आयुष चौधरी, अनुज गुर्जर और रविकांत त्यागी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

