Home » विविध इंडिया » जंतर-मंतर पर CJP के ‘चलो दिल्ली’ प्रदर्शन को पुलिस की अनुमति नहीं, 10 दिन पहले सूचना न देने का हवाला

जंतर-मंतर पर CJP के ‘चलो दिल्ली’ प्रदर्शन को पुलिस की अनुमति नहीं, 10 दिन पहले सूचना न देने का हवाला

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की जवाबदेही और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। दिल्ली पुलिस की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (नई दिल्ली रेंज) नूपुर प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि प्रदर्शन के लिए बहुत कम समय पहले आवेदन दिया गया था। इसके अलावा, पार्टी ने पहले प्रदर्शन के दौरान तय शर्तों और अपने वादों का पालन नहीं किया था।

प्रदर्शन से पहले 10 दिन की सूचना जरूरी

जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के संबंध में आवेदन मिला था। इस प्रदर्शन का मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त की जवाबदेही बताया गया था।

उन्होंने कहा कि आवेदन पर विचार करने के बाद पाया गया कि प्रदर्शन की सूचना निर्धारित समय से काफी कम पहले दी गई थी। पुलिस की गाइडलाइन के अनुसार, प्रदर्शन की योजना के बारे में कम से कम 10 दिन पहले सूचना दी जानी चाहिए।

पहले की शर्तों का पालन नहीं करने का भी हवाला

नूपुर प्रसाद के मुताबिक, इससे पहले जब कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, तब कानूनी निर्देशों और उस समय किए गए वादों का पालन नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि इस बार अनुमति नहीं देने का निर्णय पहले की शर्तों के उल्लंघन, मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति, सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर लिया गया है।

ALSO READ THIS :  प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, सरकार ने दिया भरोसा: सौरव दास का दावा

उन्होंने आईएएनएस को बताया कि सौरव दास ने 7 अक्टूबर को आवेदन देकर 10 अक्टूबर को प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी थी। पुलिस के अनुसार, इतने कम समय में आवेदन दिया जाना निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं था।

नई दिल्ली इलाके में बीएनएसएस की धारा 163 लागू

जॉइंट सीपी ने बताया कि नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। इसके तहत सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रतिबंधात्मक प्रावधान लागू किए गए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि धारा 163 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान पर भी दिया जोर

प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी से जुड़े सवाल पर नूपुर प्रसाद ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी वर्दी में हों या सादे कपड़ों में, उनका सम्मान करना समाज के लिए बेहद जरूरी है।

फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें