मुज़फ़्फ़रनगर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय वर्मा की दलित समाज को लेकर की गई कथित जातिगत टिप्पणी का विवाद अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद वाल्मीकि समाज के विरोध और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच अब समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को भाषा की मर्यादा में रहने की नसीहत देते हुए कहा कि सभी जाति, धर्म और समाजों का सम्मान किया जाना चाहिए। सार्वजनिक मंचों से बोलते समय नेताओं को अपने शब्दों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
विधायक पंकज मलिक ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, जिससे किसी समाज या वर्ग की भावनाएं आहत हों। सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे सोच-समझकर बोलें और अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखें। सभी जाति, धर्म और समुदाय के लोगों को सम्मान के साथ संबोधित किया जाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा नेताओं के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वाल्मीकि समाज के लोगों ने वाल्मीकि भगवान की मूर्ति के संदर्भ में सवाल उठाया, तो इस पर गुस्सा दिखाया गया। उन्होंने कहा कि नेताओं को अपने गुस्से पर नियंत्रण रखना चाहिए और समाज के लोगों की बात को सम्मानपूर्वक सुनना चाहिए।
पंकज मलिक ने कहा कि जिन लोगों ने अपना बहुमूल्य वोट देकर जनप्रतिनिधियों को सदन तक पहुंचाया है, उनका सम्मान करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। किसी भी समाज को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। राजनीति में विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन किसी जाति या समाज के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि भाजपा के नवनियुक्त ओबीसी जिलाध्यक्ष विजय वर्मा की एक कार्यक्रम में की गई कथित टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद वाल्मीकि समाज में नाराजगी फैल गई थी। समाज के लोगों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। विवाद बढ़ने के बाद विजय वर्मा ने भी अपने शब्दों को वापस लेते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।

