Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर का एथलेटिक्स में दबदबा, चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब जीता; रवि भाटी और रिया शर्मा बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट

श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर का एथलेटिक्स में दबदबा, चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब जीता; रवि भाटी और रिया शर्मा बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की अंतरमहाविद्यालयी एथलेटिक्स (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया। 4 से 5 नवंबर 2026 तक एमएस कॉलेज, सहारनपुर में आयोजित प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के दम पर कॉलेज ने चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें 100, 200, 400, 800, 1500 मीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर दौड़ के साथ 20 किलोमीटर पैदल चाल, बाधा दौड़, शॉटपुट, भाला फेंक, हैमर थ्रो, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद, ऊंची कूद, त्रिकूद और पोल वॉल्ट सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

रिया शर्मा और विजय कुमार ने दौड़ में दिखाया दम

महिला वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में श्रीराम कॉलेज की रिया शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आयशा प्रवीण ने 200 और 400 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया।

पुरुष वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में विजय कुमार ने प्रथम तथा आयुष बालियान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में आयुष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 800 और 1500 मीटर दौड़ में रवि भाटी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 800 मीटर दौड़ में प्रियांशु द्वितीय स्थान पर रहे।

पुरुष वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ में देवांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 20 किलोमीटर पैदल चाल में शिवा प्रथम और रीतिक द्वितीय स्थान पर रहे। 400 मीटर बाधा दौड़ में विनोद कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में गोकशी मामले में बड़ा फैसला: तीन दोषियों को 10-10 साल की सजा,अदालत बोली- भाईचारा बिगाड़ने वाले अपराधों पर जरूरी है सख्ती

ऊंची कूद, भाला फेंक और डिस्कस थ्रो में भी चमके खिलाड़ी

फील्ड स्पर्धाओं में भी श्रीराम कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ऊंची कूद में प्रियांशु ने प्रथम और लंबी कूद में प्रिंस लाटियान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की भाला फेंक स्पर्धा में मनु चौधरी प्रथम स्थान पर रहे।

डिस्कस थ्रो पुरुष वर्ग में आदर्श मलिक ने प्रथम और विशेष कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। महिला वर्ग की हैमर थ्रो स्पर्धा में शिया बालियान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला डिस्कस थ्रो में चाहत ने प्रथम तथा त्रिकूद में तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं पोल वॉल्ट (बांस कूद) में रिकांत नागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

रवि भाटी और रिया शर्मा बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट

प्रतियोगिता में श्रीराम कॉलेज के एमपीएड छात्र रवि भाटी को पुरुष वर्ग का सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया, जबकि बीपीईएस की छात्रा रिया शर्मा ने महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ एथलीट का खिताब हासिल किया।

शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। श्रीराम कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब हासिल किया।

कॉलेज पहुंचने पर खिलाड़ियों का सम्मान

प्रतियोगिता में शानदार सफलता के बाद महाविद्यालय पहुंचने पर विजेता छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। उन्हें प्रतीक चिह्न देकर प्रोत्साहित किया गया।

श्रीराम कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि यहां के विद्यार्थी लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफलता का यह सिलसिला आगामी प्रतियोगिताओं में भी जारी रहेगा।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में धूमधाम से मना दशहरा, धूं-धूं कर जला दशानन: नुमाइश कैंप ग्राउंड में 65 फीट ऊंचे रावण के साथ मेघनाथ, कुंभकरण और भ्रष्टाचार के पुतले का दहन, हजारों लोग बने साक्षी

उप-प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी पूरी लगन और मेहनत के साथ इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई। साथ ही टीम कोच संदीप देशवाल और टीम मैनेजर प्रमोद कुमार को भी बधाई दी।

शिक्षकों और प्रबंधन ने जताई खुशी

प्रतियोगिता में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक एवं चयनकर्ता के रूप में श्रीराम कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अब्दुल अजीज खान ने जिम्मेदारी निभाई।

इस उपलब्धि पर कॉलेज के डीन एकेडमिक डॉ. विनीत कुमार शर्मा और श्रीराम चैरिटेबल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रवक्तागण भूपेंद्र कुमार, संदीप कुमार, अमरदीप, प्रशांत और तरुण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें