Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ बस हादसा: एलिवेटेड रोड से 15 फीट नीचे गिरी यात्रियों से भरी बस, 3 की मौत; ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

लखनऊ बस हादसा: एलिवेटेड रोड से 15 फीट नीचे गिरी यात्रियों से भरी बस, 3 की मौत; ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह हुए भीषण बस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती यात्रियों से मुलाकात की और चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

बस का अगला पहिया फटने से हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास हुआ। बिहार जा रही एक निजी बस का अगला दाहिना पहिया अचानक फट गया। इसके बाद तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए एलिवेटेड रोड से करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में महिलाएं और छोटे बच्चे भी सवार थे। दुर्घटना में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीन यात्रियों की मौत, घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति को मृत अवस्था में केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जबकि दो अन्य घायलों को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि लोकबंधु अस्पताल में 31 मरीज भर्ती हैं, जबकि केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में शुरुआत में 13 मरीजों का उपचार चल रहा था। लोकबंधु अस्पताल में भर्ती छह गंभीर घायलों को भी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। इसके बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई। सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है।

ALSO READ THIS :  लखनऊ में बड़ा हादसा टला: डिवाइडर से टकराने के बाद जनरथ बस में लगी भीषण आग, चालक-परिचालक सुरक्षित

पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल टीम ने चलाया बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बस के शीशे तोड़े और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटी रहीं।

जांच के आदेश, परिजनों से संपर्क कर रहा प्रशासन

ब्रजेश पाठक ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिला प्रशासन घायलों के परिजनों को सूचना देने और उनसे संपर्क करने में जुटा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें