Home » गुनाह » नोएडा में अमित हत्याकांड के आरोपी आफताब से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद

नोएडा में अमित हत्याकांड के आरोपी आफताब से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

नोएडा। थाना फेस-1 क्षेत्र में स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट में युवक अमित की मौत के मामले में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी की बुधवार, 11 नवंबर को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-3 स्थित एक पार्क के पास हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।

मुखबिर की सूचना पर पार्क में पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को थाना फेस-1 पुलिस टीम को स्थानीय इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली थी कि अमित हत्याकांड में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी पुत्र रियाजुद्दीन सेक्टर-3 स्थित एक पार्क में मौजूद है। आरोपी नया बांस, सेक्टर-15, थाना फेस-1 क्षेत्र का निवासी है। सूचना में यह भी बताया गया था कि वह पार्क से कहीं भागने की फिराक में है।

जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पार्क के अंदर पहुंचकर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी अपने एक साथी के साथ पुलिस टीम को सामने से आता देखकर भागने लगा।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने खुद को घिरा देखकर जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आफताब उर्फ तुस्सी के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया।

ALSO READ THIS :  एटीएम में मदद के बहाने कार्ड बदलता था शातिर ठग, मयूर विहार पुलिस ने आरोपी को दबोचा

मौके से पुलिस ने .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा पार्क के बाहर खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल घटना में किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

स्कूटी पैर से टकराने पर शुरू हुआ था विवाद

दरअसल, थाना फेस-1 क्षेत्र के नया बांस गांव के पास 8 और 9 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि कुछ युवक एक पार्क में मौजूद थे। इनमें अमित, शिवम, यशपाल, आकाश और विनोद समेत अन्य युवक शामिल थे। बताया गया कि जब ये युवक स्कूटी से वहां से जाने लगे तो स्कूटी एक युवक के पैर से टकरा गई। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि संबंधित युवक अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अमित के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि शिवम भी सिर में चोट लगने से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। शिवम का उपचार जारी रहा।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे

अमित की मौत के मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले में आफताब उर्फ तुस्सी वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी करने पर उसके खिलाफ पहले से तीन अन्य अभियोग दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसके आपराधिक इतिहास और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल भी की जा सकती है।

ALSO READ THIS :  ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से सजेगा कारोबार का महामंच, 72 देशों के 600 खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद
[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें