Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » पड़ोसी निकले चोर, तीन घर छोड़कर की थी चोरी: बेहड़ा सादात में पड़ोसियों के घर को बनाया निशाना, मीरापुर में भी दो वारदातें कीं; दो आरोपी गिरफ्तार

पड़ोसी निकले चोर, तीन घर छोड़कर की थी चोरी: बेहड़ा सादात में पड़ोसियों के घर को बनाया निशाना, मीरापुर में भी दो वारदातें कीं; दो आरोपी गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में घरों में चोरी करने वाले दो आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ितों के पड़ोसी ही निकले। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा सादात में आरोपियों ने अपने घर से महज तीन घर छोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि यह उनकी तीसरी चोरी थी। इससे पहले दोनों मीरापुर क्षेत्र में दो घरों को निशाना बना चुके थे। मीरापुर में एक आरोपी की बहन रहती है और दोनों वहीं रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

ककरौली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 लाख रुपये नकद और पीली व सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने कार्रवाई की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को ग्राम बेहड़ा सादात में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में ककरौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित की थी।

SP देहात के मुताबिक, 14 नवंबर को एक सूचना पर पुलिस ने बेहड़ा सादात रजवाहे की पटरी से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वरिन पुत्र नदीम और नजर मोहम्मद पुत्र बाबू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वरिन मूल रूप से शामली के कांधला क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में बेहड़ा सादात में रह रहा था, जबकि नजर मोहम्मद बेहड़ा सादात का ही रहने वाला है। दोनों के खिलाफ ककरौली और मीरापुर थानों में चोरी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इनमें एक मुकदमा ककरौली और दो मुकदमे मीरापुर थाने के हैं।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में बहनों पर कमेंटबाजी बनी हत्या की वजह: दोस्त की हत्या कर शव खेत में छिपाया, फिर मृतक के परिजनों के साथ SSP ऑफिस पहुंचा कातिल दोस्त, 10 दिन बाद खुला राज

SP देहात के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसमें 5 लाख 46 हजार रुपये और मीरापुर थाने में दर्ज अभियोगों से संबंधित 54 हजार रुपये शामिल हैं। इसके अलावा पीली धातु का एक टीका और दो नथ बरामद हुई हैं। सफेद धातु के आभूषणों में 19 अंगूठियां, एक झुमर, दो सेट यानी कुल 12 बिछुए, दो जोड़ी पायल, आठ कड़े, दो जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी कान के झुमके, दो जोड़ी हथफूल, चार छल्ले और तीन सिक्के शामिल हैं।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें