मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में ऑनलाइन कारोबार के नाम पर देशभर के व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गूगल पर सक्रिय फर्मों की जानकारी और उनका GSTIN खोजता था। इसके बाद उन्हीं फर्मों के नाम और GSTIN का इस्तेमाल कर फर्जी बिल तैयार करता और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापारियों से संपर्क कर भुगतान हासिल कर लेता था। भरोसा जीतने के लिए असली उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजता, लेकिन पैसे मिलने के बाद या तो नकली माल भेजता था या माल भेजता ही नहीं था। मुज़फ़्फ़रनगर साइबर क्राइम पुलिस ने शनिवार को आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और करीब 8 लाख रुपये की धनराशि के फर्जी बिल बरामद किए गए हैं।
SP क्राइम इंदु सिद्धार्थ के मुताबिक, साइबर क्राइम थाने को आंध्र प्रदेश निवासी थारुन रेड्डी ने शिकायत दी थी कि मुज़फ़्फ़रनगर में पंजीकृत KK ENTERPRISES के नाम से योनेक्स मैविस-350 शटलकॉक की सप्लाई करने का झांसा देकर उनसे 22,400 रुपये की धोखाधड़ी की गई। जांच में सामने आया कि KK ENTERPRISES नाम से मुज़फ़्फ़रनगर में वास्तविक फर्म पंजीकृत है, लेकिन उसके नाम और GSTIN का दुरुपयोग कर फर्जी बिल बनाए जा रहे थे। पुलिस जांच में इस धोखाधड़ी के पीछे मेरठ निवासी कुंवरपाल का नाम सामने आया।
SP क्राइम ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच के बाद कुंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया, जो ग्राम लुहारली, थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर, हाल में जागृति विहार, थाना मेडिकल, मेरठ में रहता था। उसके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
SP क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि आरोपी गूगल पर विभिन्न फर्मों की जानकारी खोजकर उनके नाम और GSTIN का डेटा जुटाता था। इसके बाद EXPORT INDIA और VYAPAR APP सहित विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की मदद से उन फर्मों के नाम पर फर्जी बिल तैयार करता था। फर्जी जीमेल आईडी और अपने मोबाइल नंबरों के जरिए व्यापारियों से संपर्क कर उत्पादों के सैंपल की तस्वीरें भेजता और उन्हें भरोसे में लेकर भुगतान करा लेता था। भुगतान मिलने के बाद वह नकली सामान भेज देता था या फिर माल की डिलीवरी ही नहीं करता था। शिकायत मिलने पर पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देता या अपना नंबर बदल लेता था।
जांच में आरोपी के काम करने का तरीका भी सामने आया है। धोखाधड़ी छिपाने के लिए वह अब तक करीब 30 सिमकार्ड और अलग-अलग फर्मों के नाम पर 10 जीमेल आईडी इस्तेमाल कर चुका था। पिछले एक साल में अपने नाम पर करीब 20 मोबाइल नंबर जारी कराए और शिकायत दर्ज होने के बाद उन्हें बंद कराकर नए नंबर ले लेता था। इसके अलावा करीब आधा दर्जन बार पता बदलकर नए पते पर बैंक खाते खुलवाए, जिनका इस्तेमाल कथित धोखाधड़ी की रकम के लेनदेन में किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से जुड़े मोबाइल नंबरों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से अब तक 15 शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का पता चला है। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में विभिन्न फर्मों के नाम से बनाई गई फर्जी ईमेल आईडी के लॉगिन भी मिले हैं। पुलिस अब अन्य शिकायतों और आरोपी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

