मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में महिला से मोबाइल छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को नई मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। सोमवार को पचेन्डा रोड स्थित नसीरपुर कट पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दोनों युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। कुछ दूरी पर स्कूटी फिसलकर गिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में विकास नाम के आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी गन्ने के खेत में भाग गया। पुलिस ने कॉम्बिंग कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल, दो अवैध तमंचे, कारतूस और चंडीगढ़ से चोरी की गई स्कूटी बरामद की है।
CO नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, दोनों आरोपी पिछले महीने पचेन्डा रोड पर एक महिला से मोबाइल छीनने की घटना में वांछित थे। सोमवार को सूचना मिली कि मोबाइल स्नैचिंग की घटना में शामिल आरोपी स्कूटी पर सवार होकर हाईवे की तरफ से शहर में आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने पचेन्डा रोड स्थित नसीरपुर कट पर चेकिंग शुरू कर दी।
CO ने बताया कि इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे स्कूटी लेकर नसीरपुर रोड की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास के पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरा आरोपी गन्ने के खेत में घुसकर भाग गया। पुलिस टीम ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र विजेंद्र और राहुल उर्फ मच्छी पुत्र प्रमोद निवासीगण चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा महिला से छीना गया मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद हुई है।
CO नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, पूछताछ में स्कूटी चंडीगढ़ से चोरी की होना बताया गया है। दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब चंडीगढ़ में उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। मुठभेड़ में घायल विकास को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
