मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के तितावी थाना क्षेत्र के छतेला गांव में ट्रांसफार्मर फटने से हुए हादसे में घर के अंदर काम कर रहीं दो युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल दोनों पर गिर गया, जिससे वे उसकी चपेट में आकर झुलस गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, छतेला गांव में शामिया और आरजू एक मकान के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान पास में लगा ट्रांसफार्मर अचानक फट गया। ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल घर के अंदर काम कर रहीं दोनों युवतियों पर जा गिरा। गर्म तेल गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवतियों को उपचार के लिए सीएचसी बघरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में बिजली विभाग के जेई सुनील कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की कॉइल में आंतरिक खराबी के कारण कभी-कभी इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

