नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अग्निवीर योजना, महिला सुरक्षा, सनातन धर्म और सोना खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। वहीं, राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत को लेकर राहुल गांधी की तारीफ करते हुए उत्तर प्रदेश में भी पार्टी की बड़ी जीत का दावा किया।
अग्निवीर योजना पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव की ओर से सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने के ऐलान पर इमरान मसूद ने कहा कि इस योजना को खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय उन्हें दिहाड़ी मजदूर बनाने का काम कर रही है।
मसूद ने कहा कि चार साल की नौकरी पूरी होने के बाद युवाओं के सामने चौकीदारी करने की मजबूरी होगी। युवाओं को इस तरह का रोजगार स्वीकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निवीर योजना युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके भविष्य को अस्थायी बना रही है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया
मथुरा में कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान, ‘फिर कह रहा हूं, हमारे बांके बिहारी जी टेढ़े हैं’ पर प्रतिक्रिया देते हुए मसूद ने कहा कि अब इसका जवाब भगवान कृष्ण ही देंगे, जैसे भगवान राम ने दिया था।
उन्होंने कहा कि पहले ये लोग कहते थे कि हम राम को लाए हैं। भगवान को लाने का दावा करने वालों को भगवान ने जिस तरह अयोध्या में पैदल किया था, उसी तरह अब भगवान कृष्ण भी इन्हें पैदल करेंगे।
सनातन धर्म पर मोहन भागवत से किया सवाल
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के सनातन धर्म के उत्थान को लेकर दिए गए बयान पर भी कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म आदि काल से चला आ रहा है और इसे किसी ने बनाया नहीं है। मसूद ने सवाल किया कि क्या मोहन भागवत ने सनातन धर्म की स्थापना की है?
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में धार्मिक मुद्दों को लेकर तमाशा बनाया जा रहा है और लोग ऐसी बातों में आ जाते हैं।
महिला सुरक्षा के दावों पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मसूद ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रधानमंत्री ने कहा था कि अब बेटियां रात 11 बजे भी काम करके घर लौट रही हैं।
इस पर मसूद ने नोएडा से दिल्ली तक आई एक बस में बच्ची के साथ दुष्कर्म की हालिया घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत में अंतर है।
सोना नहीं खरीदने की अपील पर पीएम मोदी को दी सलाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना नहीं खरीदने की अपील की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की अपील से किए जाने पर भी इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री और नरेंद्र मोदी की तुलना नहीं की जा सकती।
मसूद ने कहा कि शास्त्री ने देश से अपील करने से पहले खुद और अपने परिवार के बच्चों को त्याग के लिए तैयार किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को सलाह दी कि पहले खुद मितव्ययिता अपनाएं और उसके बाद जनता से ऐसी अपील करें।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सादगी से रहते थे और एक दिन में चार सूट नहीं बदलते थे।
राहुल गांधी की तारीफ, यूपी में जीत का दावा
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत पर इमरान मसूद ने राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी का जलवा है। मसूद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस को इसी तरह की बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी का प्रभाव और बढ़ेगा।
