Home » उत्तर प्रदेश » मां की ममता और त्याग को याद कर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, बोले- मां के बिना छिन जाती है जीवन की सुरक्षा और घर की छांव

मां की ममता और त्याग को याद कर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, बोले- मां के बिना छिन जाती है जीवन की सुरक्षा और घर की छांव

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की ममता, त्याग और जीवन में उनके महत्व को लेकर भावुक विचार व्यक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि मां केवल जननी नहीं, बल्कि जगत जननी है। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां के बिना जीवन से भावनात्मक सुरक्षा और घर की छांव दोनों छिन जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए प्रदेश की प्रत्येक मां को नमन किया। उन्होंने कहा कि मां के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है, क्योंकि हमारा अस्तित्व मां के कारण ही है। मां केवल बच्चे को जन्म नहीं देती, बल्कि उसके जीवन को संस्कार, स्नेह और मार्गदर्शन से भी सींचती है। जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर मां का आशीर्वाद और उसकी सीख व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

राम, कृष्ण, ध्रुव और प्रह्लाद के प्रसंगों से समझाया मातृत्व का महत्व

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए मातृत्व की महत्ता को समझाया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय माता कौशल्या का आशीर्वाद, भगवान श्रीकृष्ण का मां की इच्छा से मथुरा के कारावास से गोकुल जाना तथा मां के संस्कारों से बालक ध्रुव और प्रह्लाद का महान व्यक्तित्व बनना मातृत्व की शक्ति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में मां का स्थान सर्वोपरि रहा है। मां के संस्कार ही बालक के चरित्र और व्यक्तित्व की नींव तैयार करते हैं। मातृ वंदना भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है।

ALSO READ THIS :  बागेश्वर धाम के बयान पर अयोध्या में संतों का पलटवार, परमहंस आचार्य बोले- सनातनियों को सजग होने का समय

संन्यास के तीन साल बाद भगवा वस्त्र पहनकर पहुंचे थे घर

मुख्यमंत्री ने अपने संन्यास जीवन से जुड़ा एक भावुक प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब उनकी प्रथम गुरु और उन्हें अक्षर ज्ञान देने वाली पूज्य मां अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो उन्हें संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद की वह घटना याद आई, जब वह भगवा वस्त्र धारण कर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गोरखपुर से पंचूर तक की उस यात्रा में उनके मन में अनेक भावनाएं उमड़ रही थीं। संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के अनुसार घर पहुंचने पर उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। उनकी आवाज सुनकर मां बाहर आईं, लेकिन भगवा वस्त्र पहने अपने बेटे को देखकर वह कुछ पल के लिए हैरान रह गईं। उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ कि सामने खड़ा व्यक्ति उनका बेटा है।

‘मां, भिक्षा दीजिए’, बेटे की आवाज सुनकर भावुक हुईं मां

मुख्यमंत्री के अनुसार, मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही उन्होंने उनसे कहा, ‘मां, भिक्षा दीजिए।’ बेटे को भगवा वस्त्रों में देखकर मां ने स्वयं को संभाला और पूछा, ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?’

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उन्होंने मां को समझाते हुए कहा कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। उन्होंने मां से कहा, ‘मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।’

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: सपा सांसद इकरा हसन का BJP पर तीखा हमला, संविधान और लोकतंत्र पर खतरे की चेतावनी

मुख्यमंत्री ने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया। यह प्रसंग मां और बेटे के बीच के अटूट प्रेम के साथ-साथ मां के त्याग और संतान के प्रति उसके समर्पण को भी दर्शाता है।

मां का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। जीवन में कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता। मां का ऋण भी उन्हीं में से एक है। हालांकि, प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करके मां के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी अवश्य निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि मां का स्नेह जीवन को भावनात्मक सुरक्षा प्रदान करता है। मां के रहने से घर में अपनापन, विश्वास और सुरक्षा का भाव बना रहता है। उसके जाने के बाद जीवन में ऐसी कमी पैदा हो जाती है, जिसकी भरपाई संभव नहीं होती।

प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति कर्तव्य निभाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपने इसी कर्तव्य को निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार, समाज में प्रत्येक मां को सम्मान, सुरक्षा और सहारा मिलना चाहिए। मां के प्रति सच्चा सम्मान केवल भावनाएं व्यक्त करने से नहीं, बल्कि उसके प्रति अपने सामाजिक दायित्वों को समझने और निभाने से पूरा होगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाली निराश्रित, वंचित और जरूरतमंद महिलाओं की सहायता के लिए आगे आएं। समाज का प्रत्येक व्यक्ति किसी निराश्रित मां का संबल बने, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझे और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करे।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर: पहले कपड़े पसंद किए और फिर उठा ले गया पूरा थैला: दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज चोरी CCTV में कैद

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृत्व के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मां के त्याग, प्रेम और समर्पण को समझते हुए जरूरतमंद माताओं की मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और सम्मान होगा।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें