मुज़फ़्फ़रनगर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए पुलिस लाइन परिसर में मॉकड्रिल आयोजित की गई। शाम छह बजे अचानक हवाई हमले की चेतावनी का सायरन गूंजा तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत ब्लैकआउट का अभ्यास शुरू कराया गया। इस दौरान पुलिस, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास में चेतावनी जारी होने से लेकर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और घायलों को अस्पताल तक ले जाने की पूरी प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया गया। सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों की टीम ने इसमें अहम भूमिका निभाई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया गया। दो मिनट तक ऊंची और नीची आवाज में सायरन बजाकर आपात स्थिति का संकेत दिया गया। इसके बाद निर्धारित क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था बाधित कर ब्लैकआउट कराया गया। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टरों में शरण लेने की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में लोग घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा उपाय अपना सकें।
ऑल क्लियर सायरन के बाद शुरू हुआ राहत-बचाव अभियान
हवाई हमले का खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया गया। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास शुरू हुआ। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से छोटी आग बुझाने का प्रदर्शन किया। वहीं, बड़ी आग पर नियंत्रण पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम ने फायर टेंडर वाहन के जरिए आग बुझाने की प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास कराया।
आग में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास
मॉकड्रिल में क्षतिग्रस्त और ध्वस्त भवनों में आग के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। बचाव के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देने का अभ्यास कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। इस दौरान अलग-अलग विभागों की टीमों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
कई विभागों की टीमों ने लिया हिस्सा
अभ्यास में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें शामिल रहीं। सभी विभागों ने निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया।
मॉकड्रिल के अंतिम चरण में अभ्यास समाप्त होने की घोषणा की गई। प्रशासन का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी तालमेल और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता को परखना है, ताकि वास्तविक संकट के समय कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान SDM राहुल देव भट्ट, CFO अनुराग कुमार, पूर्ति विभाग से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमित यादव, पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी, असिस्टेंट जिला विद्यालय निरीक्षक आशीष द्विवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू, आपदा सहायक नासिर हुसैन, गुलफाम अहमद, अकाउंटेंट प्रिंस और प्रवेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

