Home » उत्तर प्रदेश » 70 साल में 14 हजार फैक्ट्रियां, योगी सरकार के साढ़े नौ साल में आंकड़ा 35 हजार पार; मेरठ में 2,913 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास

70 साल में 14 हजार फैक्ट्रियां, योगी सरकार के साढ़े नौ साल में आंकड़ा 35 हजार पार; मेरठ में 2,913 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि आजादी के बाद करीब 70 वर्षों में प्रदेश में कुल 14 हजार फैक्ट्रियां स्थापित हुई थीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंचा दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में औसतन हर साल दो हजार फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं। पहले की तरह धीमी गति से काम होता तो इन वर्षों में मुश्किल से 1,700 से 1,800 फैक्ट्रियां ही लग पातीं।

मुख्यमंत्री बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ में 2,913 करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजना के वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी) में अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन एल्युमीनियम बेवरेज कैन बनाने की विश्वस्तरीय फैक्ट्री स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया।

मेरठ के लिए एंकर यूनिट बनेगी परियोजना

सीएम योगी ने कहा कि यह परियोजना मेरठ के लिए एंकर यूनिट के रूप में काम करेगी। इससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग क्षेत्र के कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मेरठ ओडीओपी योजना के तहत खेल के सामान के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यहां मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण भी हो चुका है। अब यह शहर खेल और पारंपरिक उद्योगों के साथ एडवांस ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।

सीएनएच और ताइवान की कंपनी के निवेश का भी किया जिक्र

ALSO READ THIS :  प्रयागराज में छात्रों के बीच राहुल गांधी का रोजगार पर बड़ा हमला, बोले हर एक हजार युवाओं में सिर्फ 12 को मिलती है पक्की नौकरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का भूमि पूजन हुआ था। वहीं, दो दिन पहले ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये के निवेश की दिशा में कदम बढ़ाया गया।

उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, 12 लेन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता मेरठ को विश्वस्तरीय मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराती है।

योगी के मुताबिक, यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी जैसी पहल के माध्यम से वैश्विक कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स के बढ़ते बाजार का लाभ भी बॉल कॉर्पोरेशन को मिलेगा।

यूपी देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश अब बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उनके अनुसार, पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट, सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी लगभग तीन गुना बढ़ी है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्य है। दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक पूंजीगत व्यय के साथ प्रदेश देश में सबसे अधिक कैपेक्स करने वाला राज्य बना हुआ है।

योगी ने कहा कि पॉलिसी पैरालिसिस समाप्त करने, मजबूत कानून-व्यवस्था और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने का परिणाम है कि देश के 55 प्रतिशत मोबाइल और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र भी प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को नई ऊंचाई दे रहे हैं।

ALSO READ THIS :  बस्ती में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: पिता ने आपत्तिजनक हालत में देखा तो बेटी बनी हत्यारिन; प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट

50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है और उत्पादन भी शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि आगामी इन्वेस्टर समिट में लगभग साढ़े सात लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग की जाएगी। प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रहे हैं।

75 हजार एकड़ का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक तैयार

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में 75 हजार एकड़ का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आईएमएलसी, एफडीआई और फॉर्च्यून-500 नीति सहित 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू की गई हैं। निवेश मित्र सिंगल विंडो व्यवस्था के माध्यम से उद्यमियों को सुविधाएं दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इसी प्रतिबद्धता के चलते डिरेगुलेशन 1.0 में उत्तर प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है। उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कुशल कार्यबल तैयार करने के लिए लाखों आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक एसटीईएम ग्रेजुएट्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, एचसीएल, फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनियां ‘मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के संकल्प को आगे बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन कंपनियों की भागीदारी से वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।

ALSO READ THIS :  बिजनौर गांगन नदी में उतराता मिला लापता युवती का शव, परिजनों को किनारे पर मिली थीं चप्पलें, इलाके में पसरा मातम

 

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका: 28-29 नवंबर को बूथों पर बैठेंगे BLO, नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 सहित अन्य आवेदन होंगे जमा; ADM प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को बूथों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए

ज़रूर पढ़ें